Loading...

फिरोजाबाद: मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने पर जोर, बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन

Gargachary Times 10 October 2026, 20:35 43 views
Firozabad
फिरोजाबाद: मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने पर जोर, बीएलओ करेंगे घर-घर सत्यापन
*फिरोजाबाद।* भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण-2026 को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और उप जिलाधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में छूटे सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी अर्ह मतदाता मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर शत-प्रतिशत सत्यापन करेंगे और पात्र नागरिकों को चिह्नित कर नए नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे। पात्र मतदाता ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने को प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही जिले के महिला-पुरुष मतदाता अनुपात में सुधार के लिए छूटी हुई महिलाओं और नवविवाहित बहुओं के नाम भी सूची में जोड़ने के निर्देश दिए गए। बैठक में पूर्व में प्रकाशित मतदाता सूचियों का मिलान कर उन पात्र मतदाताओं की पहचान करने पर जोर दिया गया, जिनके नाम तकनीकी या अन्य कारणों से छूट गए अथवा हट गए हैं। ऐसे मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कर नियमानुसार फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सक्रिय करने और बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराने में सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनियों, अनाथालयों और बेघर नागरिकों को भी मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहारों पर प्रवासी नागरिक घर लौटते हैं। ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों के आवेदन भरवाए जाएंगे। बैठक में सीपीआईएम के जिला मंत्री नवल सिंह, आम आदमी पार्टी के नदीम सिद्दीकी, भाजपा महानगर महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस के जिला महासचिव शहंशाह, बसपा के विधानसभा प्रभारी चेतन कुमार सहित उप जिलाधिकारी टूंडला दिव्या सिंह, सुदर्शन कुमार, सिरसागंज के एसडीएम सिद्धार्थ पाठक, शिकोहाबाद के एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम अंकित वर्मा तथा संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24