माता रानी के जयकारों से गूंज उठी धर्मनगरी, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
Gargachary Times
11 October 2026, 20:41
38 views
Dharam
वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन देवी मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और माता रानी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने मां भगवती के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत की शुरुआत की।
मथुरा दरवाजा स्थित पथवारी देवी मंदिर में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने मां भगवती का जल एवं दूध से अभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं राधाबाग स्थित सिद्धपीठ मां कात्यायनी मंदिर में भी स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ दूर-दराज से आए महिला-पुरुष भक्तों ने माता रानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
नवरात्र के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ी भीड़ और गूंजते जयकारों से संपूर्ण धर्मनगरी भक्तिमय नजर आई। श्रद्धालुओं ने मां भगवती के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना का आशीर्वाद मांगा।