Loading...

थाने से 500 मीटर दूर चोरों का धावा, फर्नीचर कारोबारी के घर से 5.65 लाख कैश और लाखों के जेवरात उड़े, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

Gargachary Times 11 October 2026, 20:48 56 views
Mathura
थाने से 500 मीटर दूर चोरों का धावा, फर्नीचर कारोबारी के घर से 5.65 लाख कैश और लाखों के जेवरात उड़े, पुलिस गश्त पर उठे सवाल
फरह। कस्बा फरह में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब थाने से चंद कदमों की दूरी पर भी वारदात को अंजाम देने से नहीं हिचक रहे। चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए थाने से महज 500 मीटर दूर स्थित एक फर्नीचर कारोबारी के बंद मकान को निशाना बना डाला और लाखों की नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित सुमित अग्रवाल निवासी कस्बा फरह फर्नीचर के कारोबारी हैं। वह सपरिवार वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए हुए थे। शनिवार रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के हालात देखकर उनके होश उड़ गए। मकान के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। बताया गया है कि चोर मकान के पीछे से छत पर चढ़े और कमरे का जंगला काटकर अंदर घुस गए। मकान के नीचे स्थित फर्नीचर शोरूम का शटर बंद होने से किसी को भनक तक नहीं लगी। चोर घर में रखे 5 लाख 65 हजार रुपये नकद, सोने की एक नथ, चार चूड़ियां, दो अंगूठियां, दो मंगलसूत्र, करीब 13 ग्राम की सोने की चेन और तीन जोड़ी चांदी की तोड़ियां समेत लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। चोर इतने शातिर थे कि वारदात के बाद अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी साथ ले गए। इससे साफ है कि चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई इस बड़ी चोरी ने पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। कस्बावासियों में आक्रोश है कि जब थाना के पास ही व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं तो दूर-दराज की कॉलोनियों का क्या हाल होगा। रात में पुलिस गश्त सिर्फ कागजों में होती है, धरातल पर इसका कोई असर नहीं दिखता। व्यापारियों ने बताया कि इससे पहले भी कई दुकानों और मकानों में चोरी हो चुकी है, लेकिन आज तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं हुआ। व्यापारियों में दहशत लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों और कस्बावासियों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि पुलिस चोरों पर शिकंजा कसने के बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यदि जल्द ही पुलिस ने गश्त नहीं बढ़ाई और चोरों को नहीं पकड़ा तो व्यापारी धरना-प्रदर्शन को मजबूर होंगे। फिलहाल पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि शरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है।
Follow Samachar24