थाना टूण्डल में साढ़े तीन करोड़ का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार ओडिशा से हरियाणा ले जा रहे थे 651 किलो गांजा, ट्रक और कार भी जब्त
Gargachary Times
14 October 2026, 19:30
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिले के टूंडला थाना क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 651.163 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल एक ट्रक और एक कार भी जब्त की है।पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 14 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर एनएच-19 की सर्विस रोड पर ग्राम उसायनी के सामने घेराबंदी की गई। संयुक्त टीम ने मौके से संतोष कुमार निवासी वृंदावन, मथुरा, कृष्णा निवासी राजपुर, वृंदावन और मोहम्मद एजाज निवासी राजौरी, जम्मू-कश्मीर को गिरफ्तार कर लिया।
ओडिशा से हरियाणा ले जा रहे थे गांजा*
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजे से लदे ट्रक को ओडिशा से हरियाणा ले जा रहे थे। वहां गांजे को ऊंचे दामों पर खपाने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक, इस तरह की तस्करी से युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का खतरा बढ़ता है।
मोबाइल, बैंक कार्ड और नकदी बरामद*
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 651.163 किलोग्राम गांजे के अलावा एक ट्रक, एक कार, चार मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, तीन पैन कार्ड, दो वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात बैंक कार्ड और नकदी बरामद की है। पुलिस प्रेस नोट में नकदी की रकम को लेकर दो अलग-अलग आंकड़े दिए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज*
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना टूंडला में मुकदमा संख्या 504/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कृष्णा के खिलाफ मथुरा के वृंदावन थाने में आबकारी अधिनियम के तहत एक पूर्व मुकदमा दर्ज होने का भी उल्लेख किया गया है।
कार्रवाई में थाना टूंडला के प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, एएनटीएफ मेरठ के प्रभारी तुषार सिंह और दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।