Loading...

मध्यस्थता से होगा विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान, मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान शुरू

Gargachary Times 14 October 2026, 20:11 42 views
Firozabad
मध्यस्थता से होगा विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान, मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान शुरू
*फिरोजाबाद।* राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) एवं मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति (MCPC) की पहल पर संचालित मेडिएशन फॉर द नेशन 3.0 अभियान के तहत न्यायालयों में लंबित उपयुक्त मामलों का आपसी सहमति से शीघ्र और सौहार्दपूर्ण समाधान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य आमजन को मध्यस्थता के प्रति जागरूक करना और संवाद के माध्यम से विवादों का निस्तारण कराना है। जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. बब्बू सारंग के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के अंतर्गत लोगों को मध्यस्थता की उपयोगिता और इसके लाभों की जानकारी दी जा रही है। मध्यस्थता एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें निष्पक्ष मध्यस्थ की सहायता से विवाद के दोनों पक्ष बातचीत के जरिए आपसी सहमति से समाधान तक पहुंच सकते हैं। इस प्रक्रिया से न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण में मदद मिलती है। साथ ही पक्षकारों के समय, धन और श्रम की बचत होती है। अभियान के तहत वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, संपत्ति और बंटवारे से जुड़े मामले, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, चेक अनादरण, बैंक ऋण वसूली सहित कानून के अनुसार मध्यस्थता योग्य अन्य विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्री योगेश शिवा ने संबंधित पक्षकारों और आमजन से अपील की है कि वे विवादों के शांतिपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थता की प्रक्रिया अपनाने के प्रति जागरूक हों। इच्छुक व्यक्ति मध्यस्थता से संबंधित जानकारी और मार्गदर्शन के लिए जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। प्राधिकरण का उद्देश्य अधिक से अधिक उपयुक्त विवादों का आपसी सहमति से निस्तारण कर न्याय को सुलभ बनाना और समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना है।
Follow Samachar24