फिरोजाबाद में सड़क हादसों में 35 फीसदी की बढ़ोतरी, डीएम ने जताई नाराजगी लापरवाह अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश
Gargachary Times
14 October 2026, 20:11
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सितंबर माह में पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में हुई वृद्धि पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों, जिनमें जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी शामिल थे, को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सड़क हादसों में मौतों का आंकड़ा बढ़ा बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2025 की तुलना में सितंबर 2026 में सड़क दुर्घटनाओं में करीब 35 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2025 में विभिन्न श्रेणियों के मार्गों पर दुर्घटनाओं में 259 लोगों की मौत हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 296 हो गई। जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
उन्होंने प्रमुख मार्गों, चौराहों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, गति सीमा बोर्ड और अन्य सुरक्षा संकेतक अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न श्रेणियों के वाहनों के लिए निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन कराने को कहा, ताकि तेज रफ्तार के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
सड़क के गड्ढे भरने और एंबुलेंस की उपलब्धता पर जोर*
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सड़कों के गड्ढों को समयबद्ध तरीके से भरने तथा सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा।*घायलों की जान बचाने वाले राहवीरों को मिलेगा प्रोत्साहन*
बैठक में जिलाधिकारी ने राहवीर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर सहायता कर उसकी जान बचाने वाले नेक नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से इस योजना के तहत 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक इस योजना के तहत 27 लोगों का चयन किया गया है। इनमें शिकोहाबाद की मीर खलील निवासी डोली और नगला किला रोड निवासी सत्येंद्र सिंह भी शामिल हैं। दोनों को सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने में मदद करने के लिए पुरस्कृत किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि नागरिक दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण निगम के अतर सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।