रामलीला महोत्सव से पूर्व श्री रंगनाथ मंदिर के बड़े बगीचा में हुआ भूमि पूजन
Gargachary Times
15 October 2026, 20:46
41 views
Mathura
वृंदावन। श्री रामलीला कमेटी वृंदावन के तत्वावधान में 23 अक्टूबर से आयोजित होने वाली श्रीरामलीला महोत्सव की तैयारियों के क्रम में श्री रंगनाथ मंदिर के बड़े बगीचा में भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए पूजन कार्यक्रम में कमेटी के पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम से रामलीला महोत्सव को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने की प्रार्थना की।
आचार्य सुधीर कांत शास्त्री के आचार्यत्व में मुहूर्त के अनुसार भूमि पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम प्रथम पूज्य भगवान गणेश का आह्वान कर पूजन किया गया। इसके बाद नवग्रह सहित अन्य देवी-देवताओं का पूजन किया गया। तत्पश्चात भगवान श्रीराम, माता जानकी एवं हनुमान जी महाराज की पूजा-अर्चना की गई। रामलीला मंचन के लिए तैयार किए जाने वाले पंडाल की बल्ली का भी विधि-विधान से पूजन किया गया।
कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर रामलीला महोत्सव के निर्विघ्न आयोजन की कामना से देवी-देवताओं का पूजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की कृपा से इस वर्ष रामलीला महोत्सव को पिछले वर्ष की अपेक्षा और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल, अनिल गौतम, वंशी तिवारी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण दीक्षित, शुभम अग्रवाल, आलौकिक शर्मा, नीरज गौतम, गोविंद खंडेलवाल, अजय अग्रवाल, आशीष ठाकुर, आनंद गुप्ता, पलाश अग्रवाल, आनंद शर्मा, ठाकुर कालीचरण सिंह, अशोक यादव, सुरेश मूर्ति वाले, आलोक अग्रवाल, हिमांशु बंसल, पवन गौतम एवं कृष्णकुमार गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।