Loading...

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

Gargachary Times 15 October 2026, 20:54 46 views
Firozabad
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की उपस्थिति में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग और जनपद स्तरीय विकास एवं फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, फैमिली आईडी, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, ओडीओपी सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।पीएम सूर्य घर योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इससे आम नागरिकों को बिजली के बिल में राहत मिलेगी और आर्थिक बचत होगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को घरों पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पूर्ति अधिकारी को उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के माध्यम से राशन कार्डधारकों और आम नागरिकों को योजना के प्रति जागरूक करने को कहा।अरांव और टूंडला में फैमिली आईडी की प्रगति खराब फैमिली आईडी योजना की समीक्षा के दौरान विकासखंड अरांव और टूंडला में सबसे कम फैमिली आईडी बनाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को प्रगति में तत्काल सुधार करने तथा पंचायत सचिवों और सहायकों के माध्यम से अभियान चलाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत दर्जी, बढ़ई, हलवाई सहित विभिन्न पारंपरिक व्यवसायों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और वेंडरों को प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा कराने तथा पोर्टल पर आंकड़ों को अपडेट करने के निर्देश दिए।महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग को पोर्टल पर लंबित आवेदनों का समय से निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जनपद में चल रही निर्माण परियोजनाओं और विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया।रैंकिंग प्रभावित होने पर होगी कार्रवाई जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग की शासन स्तर पर सीधे निगरानी की जाती है। किसी अधिकारी की लापरवाही से जनपद की रैंकिंग प्रभावित होने पर उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने भी सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
Follow Samachar24