दाऊ दयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, निर्माण की कमियां दूर करने के निर्देश
Gargachary Times
15 October 2026, 20:56
42 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने फिरोजाबाद स्थित दाऊ दयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम का औचक स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों, खेल सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में मिली कमियों को दूर करने और स्टेडियम को खिलाड़ियों के लिए सुविधायुक्त बनाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टेडियम में निर्माण और फिनिशिंग कार्यों में पाई गई कमियों पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था सिडको के अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क किया। उन्होंने कमियों को तत्काल दूर करने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए स्टेडियम परिसर में समुचित जल निकासी की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिम, स्विमिंग पूल और अन्य संवेदनशील स्थानों पर खिलाड़ियों एवं नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि आगामी बैठक में जिम और अन्य खेल सुविधाओं के उपयोग का शुल्क निर्धारित किया जाएगा। इसके बाद पारदर्शी व्यवस्था के तहत ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया के माध्यम से सुविधाओं का संचालन शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को खेल गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने और सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जनपद में खेल संबंधी आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना है, ताकि स्टेडियम को जल्द से जल्द सर्वसुविधायुक्त बनाकर स्थानीय खिलाड़ियों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल सके।