फिरोजाबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 196 जोड़ों का विवाह संपन्न दांपत्य जीवन, जनप्रतिनिधियों ने दिया आशीर्वाद
Gargachary Times
15 October 2026, 20:57
35 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को फिरोजाबाद के श्री तिलक इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम फिरोजाबाद सहित टूंडला, फिरोजाबाद और नारखी विकास खंडों के कुल 196 पात्र जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इनमें 129 हिंदू और 67 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। सभी जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया।कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, नगर निगम की महापौर कामिनी राठौर और भगवान दास शंखवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। योजना के तहत नगर निगम फिरोजाबाद के 90, विकास खंड टूंडला के 39, फिरोजाबाद के 30 और नारखी के 37 जोड़ों ने विवाह समारोह में भाग लिया।
*नवदंपतियों को दी गई गृहस्थी की सामग्री*
सामूहिक विवाह में शामिल सभी जोड़ों को सरकार की ओर से गृहस्थी और विवाह से संबंधित सामग्री प्रदान की गई। इसमें साड़ी, ब्लाउज, पेटीकोट, चुनरी, पैंट-शर्ट का कपड़ा, गमछा, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कढ़ाई, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, सीलिंग फैन, दीवार घड़ी, चूड़ियां, कंगन, प्लास्टिक की कुर्सियां, मेज, दो बर्नर वाला गैस चूल्हा, आयरन प्रेस, डबल बेड की चादर, तकिया कवर, कंबल, गद्दे, सिन्होरा, ड्राई फ्रूट्स और मिठाई सहित अन्य वैवाहिक सामग्री शामिल रही।
*कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी*
समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नवविवाहित जोड़ों को नए दांपत्य जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद और खुशहाल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उपजिलाधिकारी सदर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार परिहार, उपायुक्त श्रम रोजगार तूलिका सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती, जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश कुमार सहित संबंधित विकास खंडों एवं नगरीय निकायों के अधिकारी और समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।