Loading...

23 अक्टूबर से शुरू होगा ब्रज रज उत्सव, 11 दिन तक रेलवे ग्राउंड में सजेगी सांस्कृतिक महफिल

Gargachary Times 15 October 2026, 21:02 50 views
Mathura
23 अक्टूबर से शुरू होगा ब्रज रज उत्सव, 11 दिन तक रेलवे ग्राउंड में सजेगी सांस्कृतिक महफिल
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा। हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ और सौरभ राज जैन के ‘मेरे कृष्ण’ नाटक का भी होगा मंचन, देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां मथुरा। ब्रज की कला, संस्कृति और परंपराओं को भव्य रूप में प्रस्तुत करने के लिए 23 अक्टूबर से ब्रज रज उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में चलने वाले इस उत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 से 28 अक्टूबर तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। ब्रज रज उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शिल्प मेला, फूड कोर्ट, झूले, जॉय राइड्स, लोक कलाओं की प्रस्तुतियां और विभिन्न प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। स्वयं सहायता समूहों, ओडीओपी और खादी ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। रेलवे ग्राउंड में ये कलाकार देंगे प्रस्तुतियां उत्सव के अंतर्गत 23 अक्टूबर को मधुरम डिवोशनल बैंड, 24 अक्टूबर को ईशान मिश्रा की सूफी गायन प्रस्तुति और 25 अक्टूबर को रसिक वैष्णव का ब्रजरस भजन कॉन्सर्ट होगा। 26 अक्टूबर को रूट्स नादात्म बैंड, 27 अक्टूबर को गजेंद्र प्रताप सिंह, 28 अक्टूबर को इशिता विश्वकर्मा और 29 अक्टूबर को लखवीर सिंह लक्खा प्रस्तुति देंगे। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को अतुल पंडित, 31 अक्टूबर को पद्मश्री रामदयाल की नौटंकी, 1 नवंबर को अभय विश्वकर्मा का म्यूजिकल बैंड और 2 नवंबर को बैकस्टेज सिवलिंग की प्रस्तुति आयोजित होगी। वृंदावन में भी होंगे विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम स्वामी हरिदास जी प्रेक्षागृह में 23 अक्टूबर को सांसद हेमा मालिनी की नृत्य नाटिका ‘गंगा’ का मंचन होगा। 25 अक्टूबर को सौरभ राज जैन का ‘मेरे कृष्ण’ नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। 26 अक्टूबर को गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी, वृंदावन की ओर से रासलीला का आयोजन होगा, जबकि 27 अक्टूबर को शिवानी मिश्रा ‘कलर्स ऑफ यूपी’ कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने रेलवे ग्राउंड में उत्सव के आयोजन के लिए आवश्यक अनुमति समय से प्राप्त करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ओजस्वी राज को मैदान की लेवलिंग और साफ-सफाई कराने, लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने तथा मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण और नगर निगम को सभी स्ट्रीट लाइट चालू रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और मैदान के आसपास बिजली के तारों व ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने बंदरों से सुरक्षा के लिए नगर निगम और वन विभाग को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी और एसपी यातायात को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने और यातायात प्रबंधन की योजना तैयार करने को कहा गया। रूट डायवर्जन का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के भी निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी न हो। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को मेला क्षेत्र में पर्याप्त अग्निशमन वाहन, फायर सिलेंडर और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया गया। इसके अलावा पार्किंग, पेयजल के लिए पानी के टैंकर, अस्थायी शौचालय, प्रतिदिन साफ-सफाई और फॉगिंग तथा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, चिकित्सा शिविर, मेडिकल टीम और अस्पतालों की मैपिंग करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर आयुक्त ओजस्वी राज, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, विकास प्राधिकरण के सचिव आशीष कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24