अंकित वार्ष्णेय ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से की मुलाकात, वृंदावन की समस्याओं से कराया अवगत
Gargachary Times
16 October 2026, 20:32
52 views
Mathura
रिपोर्ट - मनोज अग्रवाल
मथुरा। समाजवादी पार्टी युवजन सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कन्नौज के सांसद श्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वृंदावन की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया और क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
अंकित वार्ष्णेय ने बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर परियोजना से स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा वृंदावन में कराए जा रहे विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास के नाम पर स्थानीय धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने वृंदावन रेल सेवा को पुनः संचालित कराने की मांग को लोकसभा में उठाने का भी आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान अंकित वार्ष्णेय ने नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े मुद्दों को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखा। इसके साथ ही मथुरा विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अंकित वार्ष्णेय के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जल्द ही वृंदावन आने की बात कही और उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने तथा संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस मुलाकात को वृंदावन की स्थानीय समस्याओं को प्रदेश स्तर पर उठाने और मथुरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।