भाजपा, बसपा, आजाद समाज पार्टी, निषाद पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल छोड़कर दर्जनों नेता समाजवादी पार्टी में शामिल
Gargachary Times
16 October 2026, 20:36
43 views
Lucknow
लखनऊ: समावजादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व एवं समाजवादी पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए भाजपा, बसपा, आजाद समाज पार्टी, निषाद पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल छोड़कर दर्जनों प्रतिष्ठित और प्रभावशाली नेता बड़ी संख्या में अपने-अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में आज शामिल हो गए। समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं में प्रमुख रूप से भाजपा नेता पूर्व सांसद राजपाल सैनी, पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के पुत्र विदुप अग्रहरि, क्षत्रिय महासभा बरेली मंडल के उपाध्यक्ष, बदायूं निवासी भाजपा नेता रवि प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य शामली के हरवीर मलिक, पूर्व मंत्री रियाज अहमद के पुत्र और बसपा से पीलीभीत विधानसभा से प्रत्याशी रहे शाने अली, बसपा से गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी रहे ठाकुर नंद किशोर पुण्डीर, पश्चिमी यूपी में आजाद समाज पार्टी के प्रभारी कमल गौतम, शामली के निषाद पार्टी के षोकेन्द्र आचार्य, राष्ट्रीय लोकदल के शामली से संजीव प्रधान, राजेन्द्र मलिक, बिजेन्द्र मलिक, शुभम मलिक शामिल हुए। राजेन्द्र सिंह शामली, पूर्व खतौली विधानसभा से सिवान सैनी ने भी समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और उनके सहयोगियों का स्वागत किया और आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग आपस में जितना प्रेम बढ़ाएंगे, एक-दूसरे के प्रति दया की भावना रखेंगे और जितना अपनापन होगा उतना ही पीडीए परिवार मजबूत होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में आज शामिल होने के लिए नेताओं के साथ पीडीए परिवार के पाल समाज, कश्यप समाज, प्रजापति और दलित समाज के लोग भी आए है। समाजवादी पार्टी से सभी समाज के लोग जुड़ रहे हैं, इससे पार्टी की ताकत बढ़ रही हैं। पुराने लोगों के साथ ही नए लोगों का पार्टी में बहुत-बहुत स्वागत है। अखिलेश यादव ने कहा कि नेताओं के समाजवादी पार्टी में आने की अभी शुरुआत हुई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि लगातार कई दिनों से प्रदेश के विभिन्न जिलो से प्रभावशाली लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। समाजवादी पार्टी का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2027 में प्रदेश की जनता, किसान, गरीब, नौजवान अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। उन्होंने पूर्व सांसद राजपाल सैनी समेत समाजवादी पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया।
मुजफ्फरनगर के सांसद हरेन्द्र मलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश का कमेरा वर्ग, पीडीए, किसान, नौजवान, छात्र आज समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की तरफ उम्मीदों से देख रहा है। अखिलेश यादव ने गन्ना किसानों को 50 रुपए का बोनस दिया था। इसे पश्चिमी यूपी का गन्ना किसान कभी नहीं भूल सकता है। आने वाले चुनाव में पश्चिमी यूपी का कमेरा समाज और किसान समाजवादी पार्टी को सबसे ज्यादा सीटें जिताने जा रहा है। हरेन्द्र मलिक ने सपा में आए सभी नेताओं का स्वागत किया।
कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, छात्र-नौजवान, मजदूर, व्यापारी सभी परेषान है। पीडीए और किसान भाजपा के अन्याय, उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट हो रहा है। इस बार विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा सीटे देकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगा। इस अवसर पर पूर्व सांसद राजपाल सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार से अब जनता ऊब चुकी हैं। अखिलेश यादव पुनः मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
इस अवसर पर धर्मेश गंगवार जिलाध्यक्ष पीलीभीत, आशीष यादव जिलाध्यक्ष बदायूं, जिया चौधरी जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर, कर्मवीर सिंह गूमी जिलाध्यक्ष मेरठ, फैसल हुसैन जिलाध्यक्ष गाजियाबाद, मतलूब अली जिलाध्यक्ष बुलन्दशहर सहित आनन्द गुर्जर उर्फ बबलू प्रधान जिलाध्यक्ष हापुड़ उपस्थित रहे।