Loading...

स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव: डीएम और एसएसपी ने किया बूथों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

Gargachary Times 16 October 2026, 21:06 24 views
Firozabad
स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव: डीएम और एसएसपी ने किया बूथों का निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
*फिरोजाबाद, 16 अक्टूबर।* आगामी आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत तहसील परिसर में बनाए गए चार मतदान बूथों से हुई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय और दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि तहसील परिसर स्थित इन बूथों पर कुल 4,400 मतदाता पंजीकृत हैं। इसके बाद जिलाधिकारी और एसएसपी ने ब्लॉक फिरोजाबाद में बनाए गए बूथ संख्या 31, 54 और 55 का निरीक्षण किया। इनमें बूथ संख्या 54 और 55 स्नातक निर्वाचन क्षेत्र तथा बूथ संख्या 31 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्धारित हैं। अधिकारियों के अनुसार, बूथ संख्या 54 पर 391, बूथ संख्या 55 पर 261 और बूथ संख्या 31 पर 115 मतदाता पंजीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदान केंद्र की बाउंड्री पर ग्रीन पर्दे लगाने तथा कमरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और मतदाताओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अतिरिक्त नगर निगम परिसर में भी एक मतदान केंद्र बनाया गया है। जिला प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
Follow Samachar24