Loading...

डीएम ने किसानों की बस को हरी झंडी दिखाकर कानपुर कृषि मेले के लिए किया रवाना

Gargachary Times 16 October 2026, 21:07 42 views
Firozabad
डीएम ने किसानों की बस को हरी झंडी दिखाकर कानपुर कृषि मेले के लिए किया रवाना
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कलेक्ट्रेट परिसर से किसानों की बस को हरी झंडी दिखाकर चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर में आयोजित कृषि मेले में प्रतिभाग करने के लिए रवाना किया। इस दौरान विभिन्न विकासखंडों के प्रगतिशील किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीन नवाचारों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। कृषि मेले में पहुंचकर किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों, उन्नत तकनीकों और जलवायु अनुकूल खेती के तरीकों का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके साथ ही श्रीअन्न (मोटे अनाज) के उत्पादन और उससे बनने वाले विभिन्न उत्पादों की जानकारी भी हासिल करेंगे। मेले में किसानों को उन्नत बीजों, पशुपालन, मत्स्य पालन और औद्यानिक फसलों से संबंधित नवीन तकनीकों के बारे में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के लिए विभिन्न विकासखंडों से प्रगतिशील किसान पुरुषोत्तम सिंह, चरन सिंह, दिनेश गहलोत, लोकेश कुमार, कमलेश कुमार तथा कृषि सखी कमिनी और संध्या सहित अन्य किसानों को भेजा गया है।इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों का ज्ञान प्राप्त करना और उन्हें अपने खेतों में अपनाना किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराने के साथ उनकी उपज बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नवीन नवाचारों को अपनाने में सहायक सिद्ध होंगे।उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि विभाग किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से जोड़ने और वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रमों से किसानों को कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों से सीधे जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इससे किसान अपने खेतों में उन्नत तकनीकों का प्रयोग कर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकेंगे।अंत में जिलाधिकारी ने किसानों को ज्ञानवर्धक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ उठाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया।
Follow Samachar24