चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची, डीएम ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट तैनात करने की अपील की
Gargachary Times
16 October 2026, 21:07
68 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रमुख तिथियों और निर्धारित समय-सीमा की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची को पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पोलिंग स्टेशनों का पुनर्गठन एवं रेशनलाइजेशन दो नवंबर 2026 तक किया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा।
डीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक पोलिंग बूथ पर समय से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने की अपील की, ताकि पुनरीक्षण कार्य में सहयोग मिल सके और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराए जाएं। इसके साथ ही महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सुगम, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में पूर्ण सहयोग करने की अपेक्षा की।
ये रहे मौजूद:बैठक में सीपीआईएम के जिला मंत्री नवल सिंह, आम आदमी पार्टी के नदीम सिद्दीकी, महानगर भाजपा के महामंत्री प्रमोद पाल बघेल, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस के जिला महासचिव शहंशाह, बसपा के विधानसभा प्रभारी चेतन कुमार, उपजिलाधिकारी अवधेश निगम सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।