Loading...

मिशन शक्ति: कक्षा 12 की छात्रा गौरी वाष्णेय बनीं एक दिन की सांकेतिक उप कृषि निदेशक

Gargachary Times 16 October 2026, 21:08 28 views
Firozabad
मिशन शक्ति: कक्षा 12 की छात्रा गौरी वाष्णेय बनीं एक दिन की सांकेतिक उप कृषि निदेशक
*फिरोजाबाद।* बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति के तहत संत परम दयाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गौछ की कक्षा 12 की मेधावी छात्रा कुमारी गौरी वाष्णेय को एक दिन की सांकेतिक उप कृषि निदेशक बनने का अवसर प्रदान किया गया।एक दिन की सांकेतिक उप कृषि निदेशक के रूप में गौरी वाष्णेय ने कृषि विभाग की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान उन्होंने जनसुनवाई में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को निःशुल्क सरसों बीज मिनीकिट का वितरण भी किया। उप कृषि निदेशक एसपी सिंह ने कहा कि बेटियों में नेतृत्व करने, निर्णय लेने और प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपार क्षमता है। आवश्यकता है कि उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के माध्यम से विभाग का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक बालिका स्वयं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर महसूस करे तथा आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा और प्रोत्साहन के बल पर आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकती हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं। इस तरह की पहल बालिकाओं को प्रशासनिक कार्यों का अनुभव देने के साथ उनमें जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करने में भी सहायक है।
Follow Samachar24