अक्षय पात्र फाउंडेशन और जन उदय विजन फाउंडेशन ने गिरिराज तलहटी में चलाया स्वच्छता अभियान
Gargachary Times
17 October 2026, 20:41
69 views
Mathura
श्रीगिरिराज गोवर्धन की तलहटी को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को अक्षय पात्र फाउंडेशन और नवीन पूनिया द्वारा गठित जन उदय विजन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत गोविंद कुंड स्थित मनोहर बाबा की गौशाला से जतीपुरा तक गिरिराज तलहटी में सफाई कर प्लास्टिक एवं अन्य कचरा एकत्रित किया गया।
भारतीय राष्ट्रीय हैंडबॉल टीम के कोच नवीन पूनिया ने कहा कि ब्रज को स्वच्छ रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। ब्रजभूमि की पवित्रता, धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना प्रत्येक ब्रजवासी, श्रद्धालु एवं पर्यटक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है।
स्वच्छता अभियान के दौरान अक्षय पात्र फाउंडेशन के कर्मचारियों, युवाओं और जन उदय विजन फाउंडेशन के सेवकों ने तलहटी में बिखरे प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को एकत्रित कर गार्बेज बैग में भरा। इसके बाद ट्रैक्टर के माध्यम से कचरे को तलहटी से बाहर पहुंचाया गया। अभियान का उद्देश्य परिक्रमा मार्ग एवं आसपास के धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा।
अक्षय पात्र फाउंडेशन के अनंत प्रभु ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रजभूमि की सेवा केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके पर्यावरण, धार्मिक स्थलों और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करना भी हम सभी का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से स्वयं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नवीन पूनिया ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाना, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचना और दूसरों को जागरूक करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छ ब्रज और नशामुक्त समाज के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन की ओर से राजीव रावत, अमित झा, जनसंपर्क विभाग से जितेंद्र शर्मा एवं विष्णु शर्मा, आकांक्षा, मनीष सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। जन उदय विजन फाउंडेशन की ओर से कुंज बिहारी पांडे सहित संगठन के अन्य सेवकों ने अभियान में सहभागिता की।