Loading...

विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर दूसरे दिन दिया गया प्रशिक्षण

Gargachary Times 17 October 2026, 20:48 39 views
Firozabad
विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर दूसरे दिन दिया गया प्रशिक्षण
*फिरोजाबाद।* विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को दूसरे दिन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य तथा एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कल्पना जायसवाल के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अशोक कुमार अनुरागी ने विधान परिषद निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मतदान से पूर्व की तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं और मतदान के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने के महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझाया। मास्टर ट्रेनर डॉ. हिमांशु शर्मा ने मतपेटी को खोलने, बंद करने और सील करने की प्रक्रिया का विस्तार से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान के विभिन्न चरणों में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने और निर्वाचन कार्य को व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के तरीके बताए। वहीं, मास्टर ट्रेनर योगेंद्र कुमार ने निर्वाचन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और मतदान की गोपनीयता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक कार्य सावधानीपूर्वक और नियमानुसार संपन्न किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों और मास्टर ट्रेनर्स ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझने तथा निर्वाचन कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग देने का आह्वान किया।
Follow Samachar24