टूंडला तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 154 शिकायतों में 15 का मौके पर निस्तारण डीआईजी, डीएम और एसएसपी ने सुनीं जन समस्याए
Gargachary Times
17 October 2026, 20:48
43 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* तहसील टूंडला में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें डीआईजी आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अफसरों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 154 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समय में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।अवैध कब्जे और रास्ते की पैमाइश की शिकायतें पहुंचीं
समाधान दिवस मेंरसूलपुर-नगला दत्त निवासी अधिवक्ता चंदेश कुमार उपाध्याय ने मौजा रसूलपुर के खसरा संख्या 77 पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और हल्का लेखपाल को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, नगला दत्त निवासी शैलेंद्र उपाध्याय की चकरोड और रास्ते की पैमाइश संबंधी शिकायत पर राजस्व एवं विकास विभाग को निष्पक्ष पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए।
तजापुर निवासी वीरेश कुमार की ओर से पॉक्सो एक्ट के तहत पीड़िता को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र पर जिला प्रोबेशन अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। रामनगर, जारखी निवासी नेत्रपाल की बिजली बिल माफी और कनेक्शन काटने संबंधी शिकायत पर विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को सात दिन में आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया। धीरपुरा निवासी सुधीर यादव की जन्म प्रमाण पत्र में नाम संशोधन की शिकायत पर खंड विकास अधिकारी टूंडला को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की लाभार्थी सरोज देवी ने बैंक खाते में योजना की धनराशि नहीं पहुंचने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
चार दंपतियों के बीच कराया समझौता
समाधान दिवस के दौरान पुलिस और प्रशासन की पहल पर आपसी विवाद से जूझ रहे चार दंपतियों के बीच समझौता कराया गया। इनमें थाना रजावली के रंजीत और नीतू देवी, थाना टूंडला के दुर्गेश और संजना, थाना नगला सिंघी के वैभव/धर्मवीर और गौरी देवी तथा थाना नारखी के धर्मवीर और दुर्गेश शामिल रहे। जिलाधिकारी ने इन दंपतियों को माला पहनाकर सम्मानित किया और आपसी मतभेद भुलाकर सौहार्दपूर्वक जीवन बिताने का संदेश दिया।
विधवा पेंशन लाभार्थियों का भी हुआ सम्मान
समाधान दिवस में विधवा पेंशन योजना के तहत रुकी हुई पेंशन दोबारा प्राप्त करने वाली लाभार्थी महिलाओं उमा, सन्नो और आनंदी सहित अन्य महिलाओं को जिलाधिकारी ने माला पहनाकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।