Loading...

बाघई गांव में जन चौपाल, डीएम ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की

Gargachary Times 17 October 2026, 20:50 59 views
Firozabad
बाघई गांव में जन चौपाल, डीएम ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील की
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को विकास खंड टूंडला की ग्राम पंचायत बाघई में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों की समस्याओं के निस्तारण के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। डीएम ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन युवक-युवतियों की आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिन परिवारों में नई बहुएं आई हैं, उनके नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाए जाएं तथा उनके मतदाता पहचान पत्र बनवाए जाएं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अधिक से अधिक मतदान जरूरी है। मतदाता सूची में जिन पात्र लोगों के नाम छूट गए हैं, वे अपना नाम अवश्य जुड़वाएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। जन चौपाल में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं, पात्र लाभार्थियों के 10 आयुष्मान कार्ड बनाए गए। इन कार्डों के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है। इसके अलावा गांव में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों की सूची की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। कृषि विभाग की ओर से जिलाधिकारी ने 30 किसानों को सरसों के बीज की मिनी किट भी निःशुल्क वितरित की।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, जिला कृषि अधिकारी सुमित चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24