कुपवाड़ा में 2 आतंकी ढेर, LoC के पास मुठभेड़, केरन सेक्टर में सर्च ऑपरेशन जारी
Gargachary Times
17 October 2026, 20:59
48 views
Delhi
कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास शनिवार सुबह आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक दो आतंकी मारे गए हैं।
पहले इस घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे या नहीं।
सेना के मुताबिक, कुपवाड़ा स्थित केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई। सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
12 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में LoC के पास कृष्णा घाटी सेक्टर से जुड़े इलाके में धमाका हुआ। इसमें चार लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि वे भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल था।
12 अक्टूबर को ही पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सेना को बॉर्डर फेंस के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक, ट्रैक बनाने के दौरान सुबह करीब 8:25 बजे और दोपहर 12:10 बजे इनका पता चला। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया। अधिकारियों के मुताबिक, एक संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर को भी हिरासत में लिया गया। घटनास्थल से AK राइफल, M4 कार्बाइन, पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किए गए।
डोडा जिले में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकी का सड़ा हुआ शव मिला। उसके पास से नाइट विजन क्षमता वाली M4 राइफल भी मिली। पुलिस के मुताबिक, आतंकी 6 सितंबर को सेओजधार के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया था।