सपा नेता ऋतु गोयल पर एससी एसटी एक्ट में दर्ज हुआ केस
Gargachary Times
18 October 2026, 19:41
51 views
Mathura
मथुरा। समाजवादी पार्टी के नेताओं के मथुरा में दिन अच्छे नहीं चल रहे हैं। चुनाव लड़ने के लिए टाल ठोक रहे अनिल अग्रवाल पर गैंगस्टर एक्ट लग चुका है वहीं
पूर्व प्रदेश सचिव सैयद राजन अहमद रिजवी भी एक बैंककर्मी के साथ अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में जेल जा चुके हैं। इस बार सपा नेता ऋतु गोयल पर एससी एसटी एक्ट में केस दर्ज हुआ है। आजाद नगर सौंख रोड निवासी मनीष आजाद ने उनकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है। पुलिस ने रितु गोयल, उनके बाउंसरों और साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि समाजवादी पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने मथुरा में पार्टी की समस्त इकाईयों को भंग किया हुआ है। पीड़ित ने सपा नेता पर मारपीट करने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। समाजवादी पार्टी की महानगर अध्यक्ष रितु गोयल और उनके साथियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मनीष आजाद ने बताया कि आरोपी सपा नेता द्वारा इससे पूर्व 22 अप्रैल 2026 को भी फोन और मौखिक रूप से जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकियां दी गई थीं। इसकी शिकायत उन्होंने पूर्व में दर्ज कराई थी। पीड़ित ने अपनी और अपने परिवार की जान माल का खतरा जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देश पर थाना कोतवाली में संबद्ध धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच सीओ को दी गई है।