12 साल बाद भी जारी है हाथी राजू के पुनर्वास का सफर, अब मथुरा में ले रहा है सुकून की जिंदगी
Gargachary Times
19 October 2026, 20:31
42 views
Mathura
फरह। दशकों तक सड़कों पर भीख मंगवाने और शोषण का शिकार रहा हाथी राजू अब मथुरा स्थित वाइल्डलाइफ एसओएस के एलिफेंट कैंप में नई जिंदगी जी रहा है। 2014 में रेस्क्यू किए गए राजू को बचाए हुए 12 साल से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन उसका पुनर्वास आज भी जारी है।
वाइल्डलाइफ एसओएस ने 2014 में उत्तर प्रदेश वन विभाग के साथ मिलकर राजू को बचाया था। तब राजू की हालत बेहद खराब थी। उसके पैरों में नुकीली जंजीरों से गहरे घाव थे और शरीर पर अंकुश के हमलों के निशान और फोड़े थे। उसके रेस्क्यू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बंदी हाथियों की दुर्दशा को उजागर किया था।
संस्था के अनुसार, राजू को आज बड़ा खुला बाड़ा, नहाने के लिए पूल और गर्मी से राहत के लिए वाटर स्प्रिंकलर की सुविधा मिली हुई है। उसे हरा चारा, मौसमी फल, सब्जियां, दही और नारियल युक्त पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। गन्ना और खरबूजा उसका पसंदीदा भोजन है।
राजू की देखभाल के लिए नियमित मेडिकल चेकअप, नाखूनों की सफाई और टारगेट ट्रेनिंग भी कराई जाती है, जिससे वह अपनी देखभाल में खुद सहयोग करता है।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक गीता शेषमणि ने कहा कि राजू की कहानी बताती है कि भीख मंगवाने की प्रथा को खत्म करना क्यों जरूरी है। वहीं कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के निदेशक बैजू राज एमवी ने कहा कि वर्षों की प्रताड़ना से हाथियों को पुरानी बीमारियां हो जाती हैं, जिनके लिए लगातार देखभाल जरूरी है और राजू के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना ही उनका लक्ष्य है।