Loading...

आगरा खंड शिक्षक-स्नातक चुनाव: सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां, डीएम ने दिए निर्देश

Gargachary Times 19 October 2026, 20:34 37 views
Firozabad
आगरा खंड शिक्षक-स्नातक चुनाव: सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां, डीएम ने दिए निर्देश
फिरोजाबाद। आगामी आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी होनी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे पीठासीन अधिकारियों का मार्गदर्शन कर सकें। उन्हें निर्वाचन से संबंधित सभी नियमों, तकनीकी एवं कानूनी पहलुओं के साथ ही क्या करें और क्या न करें, इसकी स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से पुलिस के साथ समन्वय बैठक के अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। डीएम ने बताया कि 22 अक्टूबर से सेक्टर मजिस्ट्रेटों की जिम्मेदारियां शुरू हो जाएंगी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपनी टीम के साथ आवंटित मतदान स्थलों पर पहुंचकर निर्वाचन सामग्री प्राप्त करेंगे और उसे निर्धारित मतदान केंद्रों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पोलिंग पार्टियों को समय से रवाना कराने और उनके सुरक्षित मतदान स्थल तक पहुंचने की पुष्टि भी करेंगे।उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी पोलिंग पार्टी के पास पीठासीन अधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा या अन्य आवश्यक प्रपत्रों की कमी हो, तो मतदान शुरू होने से पहले ही उसे पूरा कराया जाए। शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान की प्रक्रिया शुरू कराने और समाप्त कराने की जिम्मेदारी भी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की उपस्थिति में निभाई जाएगी। प्रत्येक सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने आवंटित मतदान स्थलों में से एक केंद्र पर मतदान प्रारंभ और एक केंद्र पर मतदान समाप्त होने की प्रक्रिया अपनी उपस्थिति में संपन्न कराएंगे।मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन कार्यालय में सामग्री जमा कराते समय यह भी सुनिश्चित करना होगा कि सभी पीठासीन अधिकारी अपनी पोलिंग पार्टियों के साथ उपस्थित रहें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल, समस्त उप जिलाधिकारी और संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24