संस्कृति विवि के विद्यार्थियों ने कोसी कलां में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति किया जागरुक
Gargachary Times
20 October 2026, 20:01
47 views
Education
मथुरा। शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों को निभाने की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए, संस्कृति विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी विभाग ने एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम मथुरा के कोसी कलां स्थित बजरंग विद्या मंदिर में "खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली" विषय पर आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों को जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना था।
विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने इंटरैक्टिव सत्रों और सरल भाषा के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को सुरक्षित भोजन और स्वस्थ खान-पान: जंक फूड के नुकसान बताते हुए मौसमी फल, हरी सब्जियां और संतुलित आहार को दैनिक जीवन में शामिल करने पर जोर दिया गया। बच्चों को नियमित रूप से हाथ धोने के सही तरीकों और नाखूनों व बालों की सफाई के महत्व को समझाया गया। साथ ही भोजन को ढककर रखने, बासी खाना न खाने और पकाने व परोसने वाले बर्तनों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की व्यावहारिक जानकारियां दी गईं। विद्यार्थियों द्वार शारीरिक विकास के लिए योग, खेलकूद और पर्याप्त नींद की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।
यह पूरा अभियान होटल मैनेजमेंट विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं प्रोग्राम हेड डॉ. कुमार भास्कर के कुशल नेतृत्व में संचालित किया गया। कार्यक्रम के लिए टीम के प्रस्थान करने से पूर्व संस्कृति विश्वविद्यालय के डीन (स्टूडेंट वेलफेयर) डॉ. डी. एस. तोमर तथा डॉ. श्वेता शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और ऐसे अभियानों से छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
इस सामाजिक पहल में कुल 33 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दल में संस्कृति विश्वविद्यालय की 'स्टूडेंट काउंसिल' और 'राष्ट्रीय सेवा योजना' के सक्रिय सदस्य शामिल थे, जिन्होंने पूरे जोश के साथ ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्र के बच्चों को जागरूक किया।
कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने और छात्रों के मार्गदर्शन व पर्यवेक्षण के लिए विभाग के सहायक प्राध्यापक गगन शर्मा, विजय शर्मा, विकास वर्मा एवं कपिल शर्मा पूरे समय मौके पर उपस्थित रहे।
बजरंग विद्या मंदिर के प्रबंधन और शिक्षकों ने संस्कृति विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन की इच्छा जताई।