विजयादशमी पर वृंदावन में संतों ने किया शस्त्र पूजन, शास्त्र-शस्त्र के महत्व पर दिया जोर
Gargachary Times
20 October 2026, 20:03
47 views
Mathura
वृंदावन। विजयादशमी के अवसर पर परिक्रमा मार्ग स्थित ललित कुंज आश्रम में ध्यानमूर्ति सत्संग सेवा संस्थान के तत्वावधान में साधु-संतों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महामंडलेश्वर मां ध्यानमूर्ति महाराज ने कहा कि विजयादशमी सत्य की असत्य पर और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए शास्त्रों के अध्ययन के साथ शस्त्र विद्या का ज्ञान भी आवश्यक है। उन्होंने आत्मरक्षा के प्रशिक्षण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
महंत मोहिनी बिहारी शरण महाराज ने कहा कि शास्त्र ज्ञान और विवेक का मार्ग दिखाते हैं, जबकि शस्त्र धर्म, न्याय और आत्मरक्षा के प्रतीक हैं। वहीं महामंडलेश्वर सत्यानंद सरस्वती अधिकारी गुरु महाराज ने सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए समाज में जागरूकता, एकता और अनुशासन पर जोर दिया।
कार्यक्रम में संतों ने धर्म, साहस, संयम और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर महंत रामदास, हरिओम शास्त्री, अनमोल शास्त्री, अंकित शास्त्री, पुरुषोत्तम और दिनू पंडित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।