Loading...

क्षत्रिय समाज ने परंपरागत रीति से मनाया विजयदशमी उत्सव

Gargachary Times 20 October 2026, 20:06 40 views
Mathura
क्षत्रिय समाज ने परंपरागत रीति से मनाया विजयदशमी उत्सव
धर्मनगरी वृंदावन में विजयदशमी का पर्व धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वृंदावन क्षत्रिय महासभा की ओर से सुनरख मार्ग स्थित श्रीराम फार्म हाउस में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। ठाकुर हरिवल्लभ सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस आयोजन में चौरासी कोस ब्रज क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से पहुंचे क्षत्रिय समाज के लोगों ने भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के प्रति आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में सबसे पहले संत-महात्माओं का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। संत फूलडोल बिहारी दास महाराज, संत गोविंदानंद तीर्थ महाराज, बाबा बलराम दास और महंत लाडली शरण देवाचार्य महाराज सहित उपस्थित संतों का माल्यार्पण एवं पटुका पहनाकर स्वागत किया गया। संतों के सान्निध्य से आयोजन का वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके बाद वेदपाठी विप्रों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच क्षत्रिय समाज की परंपरा के अनुरूप शस्त्र पूजन किया गया। विधि-विधान से हुए पूजन के दौरान शस्त्रों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए समाज की प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया गया। विजयदशमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों ने इसे धर्म की स्थापना, सत्य की विजय और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देने वाला पर्व बताया। आयोजन के माध्यम से क्षत्रिय समाज की गौरवशाली विरासत, धार्मिक संस्कारों और सामाजिक एकजुटता को बनाए रखने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं तथा धर्म, न्याय और सदाचार के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। संतों के सम्मान और पारंपरिक शस्त्र पूजन के साथ संपन्न हुआ यह कार्यक्रम समाज की सांस्कृतिक पहचान को अभिव्यक्त करने वाला रहा। इस अवसर पर ठाकुर जितेंद्र सिंह राणा, ठाकुर धर्मेंद्र पाल, ठाकुर उदय सिंह, ठाकुर बीरेंद्र सिसोदिया, ठाकुर लेखा सिसोदिया, ठाकुर ज्ञानी, शैलेंद्र चौहान, विजय सिंह दूध वाले, ठाकुर मुकेश सिंह सिकरवार, ठाकुर श्याम सिंह सहित क्षत्रिय समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Follow Samachar24