फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का अभियान, 649 वाहनों के चालान
Gargachary Times
20 October 2026, 21:05
48 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने मंगलवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे 48 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए। वहीं, स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच करते हुए निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वाले 156 चालकों के खिलाफ ओवरस्पीड के चालान किए गए। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 445 अन्य वाहनों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 649 वाहनों के चालान किए गए।यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले लोगों को हेलमेट के महत्व के बारे में जानकारी दी। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को हेलमेट के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई।
इसके साथ ही मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत 17 स्लीपर और निजी बसों की जांच की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
यातायात पुलिस ने आमजन से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।