डीआईजी ने मक्खनपुर थाने में आदर्श मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और क्रेच का किया उद्घाटन
Gargachary Times
20 October 2026, 21:05
51 views
Firozabad
फिरोजाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा रेंज, आगरा ने मंगलवार को थाना मक्खनपुर में आदर्श मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और क्रेच का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने थाने का निरीक्षण कर परिसर और पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद और क्षेत्राधिकारी सिरसागंज मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिला पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाली पुलिसकर्मियों में महिला उपनिरीक्षक आरजू और योगिता (थाना दक्षिण), काजल (थाना शिकोहाबाद), महिला मुख्य आरक्षी अनीता (महिला थाना), कामना (थाना मटसेना), चंचल (थाना पचोखरा) तथा महिला आरक्षी छवि राणा (थाना रजावली), गीता यादव (थाना खैरगढ़), सोनम कुमारी (थाना नसीरपुर) और प्रीति (थाना फरिहा) शामिल रहीं।
इसके साथ ही डीआईजी ने कस्तूरबा गांधी इंटर कॉलेज की छात्राओं को मिशन शक्ति फेज-06 अभियान के तहत जागरूक किया। उन्होंने छात्राओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तिकरण से संबंधित जानकारी दी तथा उन्हें उपहार भी भेंट किए।
एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
फिरोजाबाद पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए अभियान को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने की प्रतिबद्धता जताई।