एमएलसी चुनाव को लेकर डीएम-एसएसपी ने की ब्रीफिंग, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई और मतपेटियों की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश
Gargachary Times
21 October 2026, 20:02
53 views
Firozabad
उत्तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन स्थित सभागार में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों, पुलिस अधिकारियों और पीठासीन अधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे और अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल उपस्थित रहीं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाता है, इसलिए मतपेटी ऐसी जगह रखी जाए, जहां वह सभी को दिखाई दे और मतदान की गोपनीयता भी बनी रहे। उन्होंने मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम ने कहा कि मतदान केंद्रों और मतपेटियों सहित निर्वाचन से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों की वीडियोग्राफी कराना अनिवार्य है। जिस स्थान पर मतदाता वोट डालेंगे, वहां की गोपनीयता का ध्यान रखते हुए शेष कमरे तथा प्रवेश द्वार से निकास तक की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। निर्वाचन ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देशवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने थाना प्रभारियों और मतदान केंद्र प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र एवं मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के चारों ओर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। आवश्यकता के अनुसार लोहे और बल्लियों के बैरियर लगाकर अनधिकृत प्रवेश रोका जाए।
उन्होंने मतदान केंद्रों के परिसर और छतों की गहन जांच करने को कहा, ताकि वहां ईंट, पत्थर या कोई संदिग्ध वस्तु मौजूद न हो। ऐसी सामग्री मिलने पर उसे तत्काल हटाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।अपराधियों पर रहेगी पुलिस की नजर
एसएसपी ने मतदान केंद्रों के आसपास सक्रिय अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की सूची की समीक्षा कर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान के दिन केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने देने और बाहरी वाहनों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने को कहा।
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन कराते हुए शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराया जाएगा। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या निर्वाचन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।