पुलिस पर चीनी मिल धरने में शामिल होने वाले लोगों के घरों में घुसकर दबंगई और बदतमीजी का गंभीर आरोप
Gargachary Times
22 October 2026, 19:23
52 views
Mathura
डी डी शर्मा
मथुरा के छाता क्षेत्र में चीनी मिल के संचालन और धरने पर समर्थन देने जा रहे किसानों के घरों में पुलिस प्रशासन द्वारा कथित तौर पर तानाशाही रवैया , धमकाने डराने ,दबंगई दिखाने का गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 2 के सभासद पति भोला यदुवंशी (भोला जादौन) ने पुलिस प्रशासन पर उनके घर में देर शाम घुसकर महिलाओं, बच्चों और रिश्तेदारों के साथ मारपीट, बदतमीजी और अभद्रता करने का आरोप लगाया है।
सभासद पति भोला यदुवंशी ने बताया कि देर शाम पुलिस प्रशासन की मशीनरी भारी दल-बल के साथ उनके घर में जबरन घुस आई। उनके अनुसार, लगभग 20 से 25 पुलिसकर्मी (जिन्होंने वर्दी और सादे कपड़े दोनों पहन रखे थे, जिनमें एक कस्बा इंचार्ज और एक इंस्पेक्टर भी शामिल बताए जा रहे हैं) अचानक घर के अंदर आ गए।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में मौजूद महिलाओं और परिजनों के साथ खींचतान की, गला पकड़ा और उनके साथ अभद्र भाषा व गालियों का प्रयोग किया। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने धमकी दी कि "सालों, तुम्हारी मिल नहीं चलने देंगे... तुम चीनी मिल धरने पर क्यों जा रहे हो?"
घटना की सूचना जैसे ही आसपास के ग्रामीण इलाकों और किसानों तक पहुँची, भारी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर एकत्र होने लगे। ग्रामीणों में भारी रोष को देखते हुए आरोपी पुलिसकर्मी मौके से खिसक गए (भाग खड़े हुए)।
पुलिस की इस कथित कार्रवाई की खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद रात्रि में ही दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भारी संख्या में किसान और ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर बड़ी संख्या में चीनी मिल धरना स्थल पर पहुंचने लगे। इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों और किसानों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा व्याप्त है।