Loading...

यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 43 ई-रिक्शा के चालान, दो ऑटो सीज

Gargachary Times 22 October 2026, 19:35 51 views
Firozabad
यातायात पुलिस का विशेष अभियान: 43 ई-रिक्शा के चालान, दो ऑटो सीज
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर चलाए जा रहे 43 ई-रिक्शा के चालान किए गए, जबकि दो ऑटो को सीज कर दिया गया। वहीं, स्पीड मीटर से वाहनों की गति जांचने के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने वाले 153 चालकों के चालान किए गए। यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 465 वाहनों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर 31 बाइकों के चालान किए। इसके अलावा मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत 13 स्लीपर एवं निजी बसों की जांच की गई, जिनमें से दो बसों के चालान किए गए। अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की गई और उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व की जानकारी दी गई। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारियां बैठाने, वाहनों को उचित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की हिदायत दी। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Follow Samachar24