ऑटो-ई-रिक्शा पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाए, सात वाहन सीज
Gargachary Times
22 October 2026, 19:37
48 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए फिरोजाबाद पुलिस द्वारा विशेष यातायात अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में गुरुवार को यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाने की कार्रवाई की।अभियान के दौरान यातायात प्रभारी एवं पुलिस टीम ने कुल 20 ऑटो-ई-रिक्शा से लाउडस्पीकर उतरवाए। इनमें से सात वाहनों को सीज किया गया, जबकि 13 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन चलाने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस का उद्देश्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना है।
फिरोजाबाद पुलिस के अनुसार, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विशेष अभियान के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।