खाद की दुकानों पर छापेमारी, तीन विक्रेताओं को नोटिस, आठ नमूने लिए*रेट बोर्ड और स्टॉक-विक्रय पंजिका दुरुस्त रखने के निर्देश, *
Gargachary Times
22 October 2026, 19:38
57 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर जिले में उर्वरकों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग की टीमों ने गुरुवार को विभिन्न तहसीलों में खाद की दुकानों पर सघन निरीक्षण और छापेमारी की। इस दौरान उर्वरकों की गुणवत्ता जांचने के लिए कुल आठ नमूने लिए गए, जबकि अनियमितताएं मिलने पर तीन उर्वरक विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने फिरोजाबाद और टूंडला तहसील क्षेत्र में उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए छह नमूने लिए गए। रेट बोर्ड और स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं करने, स्टॉक एवं बिक्री पंजिका अद्यतन नहीं रखने तथा किसानों की खतौनी प्राप्त कर बिक्री पंजिका में सही तरीके से अंकन और अभिलेखों का उचित रखरखाव नहीं करने पर साती स्थित श्री कृष्णा खाद एवं बीज भंडार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
उप कृषि निदेशक एसपी सिंह ने शिकोहाबाद और जसराना तहसील क्षेत्रों में छापेमारी की। वहीं, अपर जिला कृषि अधिकारी विष्णु शंकर ने सिरसागंज क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर विभिन्न उर्वरकों के दो नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए लिए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
*निर्धारित दरों पर बिक्री के निर्देश
विभागीय अधिकारियोंने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। विक्रेताओं को यूरिया और डीएपी के वैकल्पिक उर्वरकों के बारे में किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रेट बोर्ड, स्टॉक बोर्ड और बिक्री पंजिका को अद्यतन रखने तथा किसानों को उनकी जोत और फसल की संस्तुत मात्रा के अनुसार खाद वितरित करने को कहा गया है।सभी विक्रेताओं को पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने, निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने और खाद के साथ अन्य उत्पादों की अनिवार्य टैगिंग नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सहकारी समिति कुतुकपुर चनौरा का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विमल सिंह और जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान मौजूद रहे।