फिरोजाबाद में 33 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
Gargachary Times
23 October 2026, 19:45
38 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। शुक्रवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद के कुल 33 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। सभी केंद्रों पर डबल लेयर फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की जा रही है। प्रवेश द्वार पर भी प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है। सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (एचएचएमडी) उपलब्ध कराए गए हैं।
पीएसी और क्यूआरटी तैनात निर्वाचन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ पीएसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा दो अतिरिक्त मोबाइल पुलिस टीमें और क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) गठित की गई हैं। ये टीमें लगातार भ्रमण कर मतदान केंद्रों और आसपास की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। पुलिस लाइन में भी क्यूआरटी को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।मतदान केंद्रों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की चेकिंग के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और जांच प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को मतदान समाप्त होने तक सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निर्भीक होकर मतदान करने की अपील
प्रशासन के अनुसार, जनपद में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हुई। पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने और निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।