Loading...

यातायात पुलिस का अभियान, 51 ऑटो-ई-रिक्शा समेत 617 वाहनों के चालान ओवरस्पीड में 161 वाहन चालकों पर कार्रवाई

Gargachary Times 23 October 2026, 19:46 47 views
Firozabad
यातायात पुलिस का अभियान, 51 ऑटो-ई-रिक्शा समेत 617 वाहनों के चालान ओवरस्पीड में 161 वाहन चालकों पर कार्रवाई
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में कुल 617 वाहनों के चालान किए गए, जबकि क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले छह ऑटो सीज किए गए। यातायात पुलिस के अनुसार, मानक से अधिक सवारी बैठाकर संचालित किए जा रहे ऑटो और ई-रिक्शा सहित 51 वाहनों के चालान किए गए। वहीं, स्पीड मीटर के माध्यम से वाहनों की गति की जांच कर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले 161 चालकों के चालान किए गए।इसके अलावा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 389 वाहनों के चालान किए गए। ईको वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 11 चालान किए गए, जबकि स्टंट करने और तेज गति से बाइक चलाने वाले चालकों की पांच बाइकों के चालान किए गए। वाहन चालकों को किया जागरूक अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने के प्रति जागरूक किया। यातायात पुलिस ने लोगों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही वाहनों में सवारी बैठाने, वाहन निर्धारित स्थान पर खड़े करने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Follow Samachar24