डीएम और एसएसपी ने रसूलपुर व रामगढ़ थाने में सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
Gargachary Times
24 October 2026, 19:24
5 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* थाना समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने थाना रसूलपुर एवं थाना रामगढ़ में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने फरियादियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान भूमि विवाद, राजस्व संबंधी प्रकरणों, आपसी विवादों और अन्य जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर भूमि विवादों सहित अन्य संयुक्त मामलों का निस्तारण करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन गंभीरता से करें।