Loading...

डीएम ने बाजरा फसल की क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर

Gargachary Times 24 October 2026, 19:25 46 views
Firozabad
डीएम ने बाजरा फसल की क्रॉप कटिंग का किया निरीक्षण, जैविक खेती को बढ़ावा देने पर दिया जोर
*फिरोजाबाद।* खरीफ 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता का सटीक आकलन करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार को विकासखंड नारखी के ग्राम भीकनपुर मेघपुर में बाजरा फसल की क्रॉप कटिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपनी उपस्थिति में निर्धारित मानकों के अनुसार फसल की कटाई कराकर उपज का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को उत्पादन आकलन में पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्रॉप कटिंग के लिए जिलाधिकारी ग्राम भीकनपुर मेघपुर निवासी रूपेंद्र कुमार पुत्र प्रेमशंकर के खेत पर पहुंचे। गाटा संख्या 204 में स्थित 0.230 हेक्टेयर क्षेत्रफल के खेत में निर्धारित 43.3 वर्ग मीटर क्षेत्र का चयन कर बाजरा फसल की कटाई कराई गई। निर्धारित क्षेत्र से कुल 22.330 किलोग्राम बाजरा के भुट्टों की उपज प्राप्त हुई। क्रॉप कटिंग के इस प्रयोग को सीसीई एग्री ऐप एवं जीसीसीईएस ऐप के माध्यम से अपलोड कराया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने किसान द्वारा की जा रही जैविक खेती की सराहना की और अन्य किसानों को भी जैविक कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक खादों पर निर्भरता कम करने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने के लिए जैविक खेती महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने मोटे अनाज यानी श्रीअन्न (मिलेट्स) की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और आधुनिक दौर में मोटे अनाजों की प्रासंगिकता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में किसानों को बाजरा सहित अन्य मोटे अनाजों की खेती को अधिकाधिक अपनाना चाहिए।इस अवसर पर अपर सांख्यिकी अधिकारी महताब आलम, राजस्व निरीक्षक सुमेश चंद्र, लेखपाल रुस्तम पाल, बीमा प्रतिनिधि मनोहर, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Follow Samachar24