डीएम ने मतदाता विशेष कैंप का किया निरीक्षण, पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
Gargachary Times
24 October 2026, 19:26
54 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* मतदाता विशेष कैंप अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने और संशोधन के लिए प्राप्त फॉर्म-6, 7 और 8 की प्रगति तथा नागरिकों के दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की स्थिति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय सैलई में बूथ संख्या 219, 220, 221 और 222 पर चल रहे विशेष कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक, विशेषकर युवा मतदाता, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। मतदान केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को नियमानुसार आवेदन करने और आवश्यक प्रपत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।इसके बाद जिलाधिकारी ने सैलई स्थित राजकीय अनुसूचित जाति बालक छात्रावास पहुंचकर बूथ संख्या 223 से 230 तक चल रहे कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी सभी कार्य पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तिलक इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 1 और 2 तथा डीएवी इंटर कॉलेज फिरोजाबाद के बूथ संख्या 13 से 18 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाताओं का अलग से डाटा संधारित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदाताओं को सूची में अपना नाम खोजने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ रजिस्टर को वर्णमाला के क्रम में व्यवस्थित रखा जाए। जिलाधिकारी ने विशेष कैंप के दौरान प्राप्त आवेदनों और दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया को गंभीरता से पूरा करने पर जोर दिया।