अवध बाजे बधाई, राम जन्मे हैं आज’ से गूंजा रामलीला पंडाल
Gargachary Times
26 October 2026, 05:43
47 views
Mathura
वृन्दावन रंगनाथ मन्दिर के बड़ा बगीचा पर आयोजित रामलीला महोत्सव में दूसरे दिन रामभक्त भगवान राम के जन्मोत्सव पर जमकर झूमे। राम जन्म के उल्लास में डूबे दर्शकों को आयोजकों द्वारा बधाई स्वरूप उपहार लुटाए गए। जिसे पाने के लिए भक्तों में होड़ मची रही। श्री वृंदावन रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित चतुर्दश दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन अवध नरेश राजा दशरथ द्वारा गुरु वशिष्ठ से पुत्र प्राप्ति के योग के विषय में जानना और गुरु वशिष्ठ द्वारा पुत्रेष्ठी यज्ञ का बहुत ही भावपूर्ण मंचन किया गया। राजा दशरथ द्वारा वैदिक परम्परा से पुत्रेष्ठी यज्ञ के फल का रानी कौशल्या, कैकई और सुमित्रा को खिलाने के बाद पुत्र प्राप्ति के योग के प्रसंग को बड़े ही मनोहारी ढंग से दर्शाया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण भगवान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के जन्म की घोषणा के बाद राजा दशरथ समेत अवध वासियों में उमड़े उल्लास का वर्णन रहा। अवध बाजे बधाई राम जन्मे है आज का मंगलगायन होते ही पंडाल में गजब का उत्साह छा गया। पूरे जोश के साथ दर्शकों ने भगवान राम की जयकार का उद्घोष किया। आयोजकों द्वारा भक्तों को बधाई स्वरूप फल मिष्ठान, बिस्कुट टॉफी, खिलौने लुटाए गए। इससे पहले श्री राधा सर्वेश्वर लीला संस्थान के निदेशक सौरभ द्विवेदी के आचार्यत्व में आयोजित होने वाली रामलीला का शुभारंभ श्री भगवान शर्मा एडवोकेट, मित्र वृंदा ग्रुप के निदेशक धनंजय सिंह, अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल ने विधिवत राम दरबार का पूजन अर्चन कर किया। इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल, महामंत्री अनिल गौतम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दीक्षित, उपाध्यक्ष बंसी तिवारी संयोजक शुभम अग्रवाल, मधुमंगल शुक्ला, पारस अग्रवाल आशीष ठाकुर लक्ष्मी नारायण निषाद राजीव बंसल पवन गौतम गोविंद शर्मा हिमांशु बंसल आशीष अग्रवाल देवेंद्र यादव आदि उपस्थित थे।