Loading...

फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 873 वाहनों के चालान, दो ऑटो सीज

Gargachary Times 26 October 2026, 05:48 52 views
Firozabad
फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का विशेष अभियान, 873 वाहनों के चालान, दो ऑटो सीज
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, मानक से अधिक सवारी बैठाकर संचालित किए जा रहे ऑटो और ई-रिक्शा सहित कुल 71 वाहनों के चालान किए गए। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर दो ऑटो सीज किए गए, जबकि 14 चालान भी किए गए। वहीं, स्पीड मीटर से वाहनों की गति की जांच कर निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाने वाले 151 चालकों के चालान किए गए। अभियान के दौरान यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों में 635 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। ईको वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 चालान किए गए। इसके अलावा स्टंट करने और तेज गति से बाइक चलाने वाले चालकों की चार बाइकों के चालान किए गए। पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चालकों और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को निर्धारित स्थान पर खड़ा करने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके ही सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
Follow Samachar24