श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला के निमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
Gargachary Times
27 October 2026, 15:35
61 views
Mathura
बलदेव। ब्रज की पावन धरा की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा, श्रीकृष्ण भक्ति की अविरल धारा और दिव्य लीलाओं की अनुपम छटा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला के निमंत्रण पत्र का विमोचन श्री दाऊजी महाराज मंदिर के पावन प्रांगण में वृंदावन से पधारे श्री हित रासमंडल के महंत श्री लाड़लीशरण महाराज के कर-कमलों द्वारा विधिवत किया गया। आगामी 14 नवंबर से प्रारंभ होने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण है।
इस अवसर पर भक्तजनों को संबोधित करते हुए महंत श्री लाड़लीशरण महाराज ने कहा कि बरसाना के संत रमेश बाबा की सद्प्रेरणा से आयोजित होने वाली श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला कार्तिक मास में ठाकुरजी की भक्ति, आराधना और कृपा प्राप्ति का एक अनुपम माध्यम है। ऐसे पावन आयोजन मनुष्य के अंतर्मन को आध्यात्मिक चेतना से आलोकित करते हैं तथा उसे श्रीराधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं से आत्मिक रूप से जुड़ने का सौभाग्य प्रदान करते हैं। यह आयोजन न केवल भक्ति का उत्सव है, बल्कि ब्रज की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का पुनीत प्रयास भी है।
कार्यक्रम व्यवस्थापक संजीव अग्रवाल ने बताया कि श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, अपितु श्रीराधा-कृष्ण की असीम कृपा प्राप्त करने, ब्रज की दिव्य संस्कृति से आत्मिक रूप से जुड़ने और भक्ति रस में सराबोर होने का अनुपम अवसर है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस पावन अनुष्ठान में सपरिवार सम्मिलित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करें तथा ठाकुरजी की मनोहारी लीलाओं के दर्शन कर अपने जीवन को भक्तिभाव एवं आध्यात्मिक आनंद से आलोकित कर ब्रज की दिव्य भक्ति परंपरा के साक्षी बनें क्योंकि किसी भी आयोजन में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ही कार्यक्रम की वास्तविक शोभा और आध्यात्मिक सफलता का आधार होती है।
आयोजन में उपस्थित संतजनों ने भी श्री ब्रज चौरासी कोस कथा एवं दिव्य रासलीला के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे ब्रज की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उपस्थित संत महंतों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भक्ति, सद्भाव, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना को पुष्ट करते हैं और नई पीढ़ी को ब्रज की दिव्य लीलाओं एवं सनातन संस्कृति से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में अग्रवाल समाज संगठन, बलदेव क्षेत्र के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, भागवताचार्य राधावल्लभ वशिष्ठ, इंदर शर्मा, सुरेश चंद्र अग्रवाल, श्याम सुंदर गोयल, मुरारी लाल अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, सुनील गर्ग, नवीन अग्रवाल, पवन गोयल, धर्मेंद्र उपाध्याय, डॉ. जगदीश पाठक, राधारानी संकीर्तन मंडल के देवकीनंदन गर्ग, मनोज बंसल, तरुण अग्रवाल, डॉ. के.के. अग्रवाल, दुर्गेश दामोदरदास,अवधेश दुबे,गंगाप्रसाद पांडेय,सुदीप बंसल, बसंत बंसल, रामनिवास पान वाले, हरिओम अग्रवाल बरौली वाले, रिंकू सोनी, करण कटारा, माधवदास अग्रवाल,वरुण अग्रवाल, सुधीर अग्रवाल, अजय सिंघल, विजय अग्रवाल, लक्ष्य बंसल,श्रीगोपाल कपिल पांडे सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन संजीव अग्रवाल ने किया।