जनगणना-2027: 16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना प्रक्रिया, कॉलेजों को जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
Gargachary Times
28 October 2026, 19:39
4 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों एवं स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) कल्पना जायसवाल सहित जनपद के इंटर कॉलेजों एवं डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य और प्राध्यापक उपस्थित रहे।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के माध्यम से इस राष्ट्रीय अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि आमजन स्व-गणना के प्रति जागरूक होकर इसमें भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।बैठक के दौरान जनगणना फॉर्म भरने की प्रक्रिया, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यमों के उपयोग तथा इससे जुड़े तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि नागरिक ऑनलाइन माध्यम से घर बैठे अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। इसके लिए स्मार्ट क्लास एवं अन्य उपलब्ध संसाधनों की सहायता भी ली जा सकती है।उन्होंने बताया कि फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक एसीआईडी (ACID) जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। इस आईडी का उपयोग आगे की प्रक्रिया में किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा समय से स्व-गणना पूरी करने से प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और समय की बचत होगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं शिक्षाविदों को स्वयं स्व-गणना करने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से अपील की गई कि वे जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें, जिससे अभियान को सफल बनाया जा सके।