दीपावली पर मिठाई निर्माण इकाइयों पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 15 नमूने लिए
Gargachary Times
28 October 2026, 19:39
5 views
Firozabad
फिरोजाबाद। दीपावली पर्व पर मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों पर निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में आयुक्त कार्यालय, मुख्यालय से गठित विशेष टीमों ने जनपद फिरोजाबाद में मिठाई निर्माण इकाइयों और प्रमुख प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 15 नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।सहायक आयुक्त खाद्य चन्दन पाण्डेय ने बताया कि दीपावली पर आमजन को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यालय से गठित टीमों ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार प्यारेलाल हलवाई, गोपाल स्वीट्स, बृज स्वीट्स, सिंघल केटर्स, सीताराम मिष्ठान भंडार, दाऊजी मिष्ठान भंडार, ढोकला हाउस, भगत हलवाई, ऋषि मिष्ठान भंडार, जैन गजक, माधव डेयरी, बेजल स्वीट्स और सोनू दुबे स्वीट्स सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मिठाई निर्माण परिसरों में साफ-सफाई, पानी की गुणवत्ता, कच्चे माल की गुणवत्ता, तैयार खाद्य पदार्थों के भंडारण, उपकरणों की स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन की जांच की गई। इसके साथ ही खाद्य पदार्थों में अनुमन्य रंगों, सहयोज्यों और परिरक्षकों के इस्तेमाल तथा प्रतिबंधित रंगों और मिलावटी पदार्थों के प्रयोग पर विशेष निगरानी रखी गई।