फिरोजाबाद में यातायात पुलिस का अभियान, 793 वाहनों के चालान, 4 ई-रिक्शा और ऑटो सीज
Gargachary Times
28 October 2026, 19:39
90 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।
अभियान के दौरान मानक से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे 62 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान किए गए। वहीं, स्पीड मीटर से वाहनों की गति जांचने पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार से वाहन चलाने वाले 169 चालकों के खिलाफ ओवरस्पीड में कार्रवाई की गई। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 562 अन्य वाहनों के चालान किए गए।
क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर दो ऑटो सीज किए गए, जबकि 14 ऑटो का चालान किया गया। साउंड स्पीकर लगाकर चलने वाले दो ई-रिक्शा सीज किए गए और 12 का चालान किया गया। स्टंट और तेज रफ्तार बाइक के तीन चालान किए गए। इसके साथ ही सात ईको वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया। हेलमेट बैंक के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। ब्रेथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच कर उन्हें नशे की हालत में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की। साथ ही निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाने, वाहनों को तय स्थान पर खड़ा करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने देने की हिदायत दी।यातायात पुलिस ने आमजन से सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।