श्री सुंदरकांड पाठ में गूंजा हनुमान जी महाराज का गुणगान
Gargachary Times
29 October 2026, 19:59
38 views
Mathura
वृंदावन। धर्मनगरी श्रीधाम वृंदावन स्थित श्री हरिदास धाम में श्रीहनुमद्-आराधन मंडल, वृंदावन के तत्वावधान में विश्व वैष्णव सेवा संघ के सहयोग से भक्तिमय श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। पूज्य गोस्वामी आचार्य आनंद बल्लभ जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ सुंदरकांड का पाठ कर प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी महाराज का स्मरण किया।
कार्यक्रम में विद्वान वक्ताओं ने श्री हनुमान जी महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए सुंदरकांड की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सुंदरकांड केवल धार्मिक पाठ ही नहीं, बल्कि जीवन में साहस, धैर्य, विश्वास, विनम्रता और समर्पण की भावना जागृत करने का माध्यम है। माता सीता की खोज में समुद्र पार करना और लंका पहुंचकर प्रभु श्रीराम का संदेश देना हनुमान जी के अद्भुत पराक्रम, बुद्धिमत्ता और सेवाभाव का परिचायक है।
वक्ताओं ने कहा कि हनुमान जी महाराज का जीवन हमें सिखाता है कि सच्ची शक्ति अहंकार में नहीं, बल्कि विनम्रता, सेवा और प्रभु के प्रति अटूट समर्पण में निहित है। सुंदरकांड का नियमित पाठ व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य बनाए रखने तथा सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
आयोजन के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम एवं संकटमोचन हनुमान जी महाराज से सभी के जीवन में सुख, शांति, सद्बुद्धि और सेवा भाव बनाए रखने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के माध्यम से सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आचार्य आनंद बल्लभ गोस्वामी, रामकृपाल त्रिपाठी, आचार्य बद्रीश, बाल योगेश्वर महाराज, डॉ. मनोज मोहन शास्त्री, विपिन शास्त्री, अशोक शास्त्री, आचार्य चतुर नारायण, पूर्व विधायक डॉ. अशोक अग्रवाल, परशुराम शोभायात्रा समिति के अध्यक्ष रामगोपाल शर्मा, निगम उपाध्यक्ष मुकेश सारस्वत, सौरभ गौड़, उदयन शर्मा, मारुति नंदन बागीश, डॉ. गोपाल चतुर्वेदी, आचार्य मृदुलकांत शास्त्री, विमल चैतन्य महाराज, बंसीलाल शर्मा, संजय हरियाणा, संजय पाराशर एवं जिला अध्यक्ष अखिलेश तिवारी सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।