Loading...

वृंदावन में नगर निगम की कार्रवाई पर उठे सवाल, बाउंड्री वॉल तोड़ने और सामान ले जाने का आरोप

Gargachary Times 29 October 2026, 20:01 45 views
Mathura
वृंदावन में नगर निगम की कार्रवाई पर उठे सवाल, बाउंड्री वॉल तोड़ने और सामान ले जाने का आरोप
वृंदावन। नगर के पानीगांव मार्ग स्थित पवन हेलीपैड के सामने एक खाली प्लॉट की बाउंड्री वॉल तोड़े जाने को लेकर विवाद सामने आया है। जमीन पर मालिकाना हक का दावा करने वाले व्यक्ति ने नगर निगम कर्मियों पर बिना पूर्व नोटिस दिए दीवार ध्वस्त करने और अस्थायी कार्यालय में रखा जरूरी सामान ले जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। लक्ष्मीनगर, थाना जमुनापार निवासी विश्वनाथ के अनुसार, उन्होंने जुलाई 2025 में राजपुर खादर क्षेत्र के खसरा संख्या 188 व 215/1 में स्थित लगभग 4,900 वर्ग गज अकृषक भूमि राजपुर निवासी लक्ष्मण सिंह से रजिस्टर्ड बैनामे के माध्यम से खरीदी थी। उनका कहना है कि बाद में नगर निगम ने उक्त भूमि पर अपना बोर्ड लगाकर उसे निगम की संपत्ति बताया। जमीन के स्वामित्व को लेकर मामला फिलहाल दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है। विश्वनाथ का आरोप है कि मंगलवार को नगर निगम की एक टीम जेसीबी और ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंची और प्लॉट की बाउंड्री वॉल को ध्वस्त कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान वहां बने अस्थायी कार्यालय में रखा इन्वर्टर, बैटरी, सोलर उपकरण, सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर सहित अन्य सामान ट्रैक्टर में भरकर ले जाया गया। पीड़ित का कहना है कि कार्रवाई से पहले उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया था। उन्होंने इस संबंध में स्थानीय पुलिस से भी शिकायत की, लेकिन उनके मुताबिक मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए पूरे प्रकरण की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, जमीन के मालिकाना हक को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। नगर निगम की कार्रवाई और सामान ले जाने के संबंध में निगम का पक्ष सामने आने पर ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Follow Samachar24