Loading...

फरह में प्रधानों की फाइलें लटकाने पर DM सख्त, बोले- 3 दिन में करो भुगतान, कमीशन मांगा तो होगी FIR

Gargachary Times 29 October 2026, 20:02 45 views
Mathura
फरह में प्रधानों की फाइलें लटकाने पर DM सख्त, बोले- 3 दिन में करो भुगतान, कमीशन मांगा तो होगी FIR
फरह। विकास खंड फरह में प्रधानों की लंबित भुगतान फाइलों को लटकाने का मामला अब जिला मुख्यालय तक पहुंच गया है। प्रधानों की शिकायत पर जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश ने कड़ा रुख अपनाते हुए DPRO को मौके पर तलब किया और सभी फाइलें 3 दिन में स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि भुगतान के नाम पर कमीशन मांगने वाले कर्मचारी-अधिकारी के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई होगी। बता दें कि प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सभी प्रधानों को प्रशासक बनाया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान प्रधानों ने गांवों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर सीसी रोड, नाली, पंचायत भवन, इंटरलॉकिंग जैसे विकास कार्य कराए थे। सभी फाइलें पूर्ण होने के बावजूद ग्राम पंचायत अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में महीनों से भुगतान लटकाया जा रहा था। इसी से परेशान होकर आज विकास खंड फरह क्षेत्र के दर्जनों प्रधान जिला मुख्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। प्रधानों ने आरोप लगाया कि फाइल पास कराने के लिए उनसे कमीशन की मांग की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने फरह ब्लॉक से संबंधित सभी लंबित फाइलों को 3 दिन के भीतर निस्तारित करने का आदेश दिया। प्रधानों ने जताया संतोष ग्राम प्रधान जीतपाल ने बताया कि हमने ईमानदारी से गांव में सीसी रोड, नाली और पंचायत भवन के कार्य कराए हैं। फाइल पूरी होने के बावजूद कई महीनों से दौड़ाया जा रहा है। वहीं ग्राम प्रधान कल्याण ने कहा कि हम प्रधान हैं, मजदूरों से उधार लेकर काम कराया है। अब भुगतान नहीं हो रहा तो मजदूर हमारे घर घेर रहे हैं। डीएम साहब ने हमारी सुनी है और 3 दिन में भुगतान का आश्वासन दिया है, इससे हम संतुष्ट हैं। डीएम के इस सख्त फैसले के बाद प्रधानों में खुशी है, वहीं कमीशनखोर कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Follow Samachar24