दीपावली से पहले शिकोहाबाद में पुलिस का फ्लैग मार्च, बाइक पर निकले एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी
Gargachary Times
29 October 2026, 20:21
37 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए फिरोजाबाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। त्योहार के मद्देनजर शिकोहाबाद में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए गश्त तेज कर दी है। इसी क्रम में एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी हेलमेट पहनकर बाइक से सड़कों पर निकले और भारी पुलिस बल के साथ बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस की इस गश्त के दौरान बाजारों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सतर्कता दिखाई दी। पुलिस अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को त्योहार के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। दीपावली पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है।एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने, शांति व्यवस्था भंग करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सक्रियता का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और शरारती तत्वों पर नजर रखना है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से दीपावली का त्योहार आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।